कर्नाटक में पूर्ण बहुमत से बनेगी भाजपा की सरकारः सीएम योगी

1013

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भरोसा है कि कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। योगी आदित्यनाथ आज अयोध्या में नेपाल के जनकपुर से आई बस की अगवानी करने के बाद दोपहर में अपने कर्म क्षेत्र गोरखपुर पहुंचे। गोरखपुर में गोरखनाथ मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री गुरु गोरखनाथ व ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की पूजा-अर्चना की। इसके बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने मीडिया से बात की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। कांग्रेस की सरकार में लोग पीड़ित रहे हैं। उसी राज्य में किसानों ने सर्वाधिक आत्महत्या की है। कांग्रेस की सरकार ने सत्ता के दुरुपयोग की बहुत कोशिश की है, वहां पर उनके मंत्रियों ने पैसे बांटे लेकिन वहां की जनता मन बना चुकी है और आज हो रहे मतदान में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिलने जा रहा है। उन्होंने कहा कि वहां सरकार के साथ प्रशासन के लोगों ने जमकर भ्रष्टाचार किया। अब तो जनता त्रस्त आ चुकी है।

जनकपुर-अयोध्या बस यात्रा से भारत व नेपाल के बीच और मजबूत होंगे संबंध

जनकपुरी-अयोध्या बस यात्रा पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार नेपाल की यात्रा की है। दोनों देशों के बीच रोटी-बेटी का सम्बंध है। इस यात्रा से दोनों देशों के बीच का अति प्राचीन सम्बन्ध और मजबूत होगा। दो शरीर व एक आत्मा वाला सम्बन्ध भारत व नेपाल के बीच है। हजारों वर्षों को विरासत समेटे सीता माता के मायके जनकधाम से आये नेपाल के यात्रियों व जनप्रतिनिधियों का स्वागत करके अत्यंत हर्ष की अनुभूति हुई है। उन्होंने कहा कि जनकपुर-अयोध्या बस यात्रा से भारत व नेपाल के बीच संबंध और मजबूत होंगे। नेपाल के जनकपुर धाम से अयोध्या धाम व काठमांडू से काशी के बीच बस यात्रा से भारत व नेपाल के सम्बंध अब हम एक नए युग की ओर बढ़ेंगे।

Leave a Reply