सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, 14 नक्सली किए ढेर

1162

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गढ़चिरौली के कसनपुर इलाके में आज (रविवार) सुबह 11 बजे महाराष्ट्र पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर तलाशी अभियान चलाया और 14 नक्सलियों को ढेर कर दिया। इस अभियान को ब् 60 कमांडो और महाराष्ट्र पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन के दौरान अंजाम दिया।

पुलिस महानिरीक्षक शरद शेलार ने कहा कि मुठभेड़ में 14 नक्सली मारे गये। तलाशी अभियान अब भी चल रहा है। उन्होंने बताया कि गढ़चिरौली पुलिस की विशेष लड़ाकू इकाई सी-60 के कमांडो की एक टीम ने आज सुबह यहां से करीब 750 किलोमीटर दूर भामरगढ के तडगांव जंगल में यह अभियान शुरु किया जो अब भी चल रहा है।

पुलिस महानिदेशक ने दी सी-60 की टीम को बधाई

उन्होंने बताया कि इस मुठभेड़ में मारे गये नक्सलियों में प्रतिबंधित संगठन के दो जिला स्तरीय कमांडर साईनाथ और साइनयू शामिल हैं। पुलिस महानिदेशक सतीश माथुर ने सी -60 की टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में यह नक्सलियों के विरुद्ध एक बड़ा अभियान है।

पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों में कई सीनियर कमांडर भी शामिल हैं। नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों की यह कार्रवाई उस समय आई है, जब इलाके में तेंदू पत्ता तोड़ने का सीजन चल रहा है। पिछले तीन से चार साल में गढ़चिरौली में नक्सलियों के खिलाफ सबसे बड़ा ऑपरेशन है। महाराष्ट्र पुलिस का तलाशी अभियान अब भी जारी है।

दरअसल, तेंदू पत्ता तोड़ने के सीजन के दौरान ठेकेदारों से पैसे की उगाही के लिए नक्सली गढ़चिरौली में आते हैं। यह नक्सलियों की आय का एक बड़ा जरिया है। इस पैसे से नक्सली अपनी वारदातों को अंजाम देते हैं।

Leave a Reply