मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने अटल सेतु का किया लोकार्पण

1080
देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने शुक्रवार को मोहकमपुर में अटल सेतु (फ्लाई ओवर) का लोकार्पण किया। 1050 मीटर लम्बे व 18.80 मीटर चैडे़ इस चार लेन आरओबी का निर्माण निर्धारित समय से 02 माह पूर्व हुआ है।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि जन सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए इस फ्लाई ओवर को समय से पूर्ण करने के लिए कार्यदायी संस्था को निर्देश दिये गये। इस पुल के निर्माण की लागत कुल 60 करोड़ रूपये थी, जबकि इसको 43 करोड़ रूपये में पूर्ण किया गया है।

सड़कों के मेंटिनेंस का कार्य एक माह में पूर्ण करने के निर्देश

इस पुल का नामकरण पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी जी के नाम पर ‘अटल सेतु’ रखा गया है। इस पुल के निर्माण से यातायात का दबाव कम होगा। उन्होंने कहा कि बल्लुपुर व बल्लीवाला फ्लाई ओवर के लिए कई बार समय विस्तार दिया गया जबकि उनकी चैड़ाई भी कम की गई। मुख्यमंत्री ने कहा जल्द ही जोगीवाला फ्लाई ओवर का निर्माण कार्य भी शुरू किया जायेगा। फ्लाई ओवर के निर्माण में प्रभावित हुए मन्दिर का पुनर्निर्माण किया जायेगा। प्रदेश में सड़कों के मेंटिनेंस का कार्य एक माह में पूर्ण करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं।

पुल के निर्माण से जनता को बड़ी राहत मिलेगी: विधानसभा अध्यक्ष

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि शीघ्र ही हर्रावाला में 300 बेड का हास्पिटल बनाया जायेगा जो जच्चा-बच्चा के लिए होगा। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि कल 11.00 बजे डाट काली टनल का लोकार्पण भी किया जायेगा। यह पुल भी समय से तीन महिने पहले पूर्ण किया गया है। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचन्द अग्रवाल ने कहा कि इस पुल के निर्माण से जनता को बड़ी राहत मिलेगी। निर्धारित समय से पूर्व पुल का निर्माण कार्य पूरा होने पर उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्य के प्रति दृढ़ इच्छा शक्ति व जज्बे के कारण ही जनता को बड़ी राहत मिली है।
इस अवसर पर विधायक हरबंस कपूर, उमेश शर्मा ‘काऊ’,  खजान दास, भरत चैधरी, अपर मुख्य सचिव ओमप्रकाश, लोक निर्माण विभाग के विभागाध्यक्ष आर.सी. पुरोहित, एनएच के मुख्य अभियंता हरिओम शर्मा व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Leave a Reply