देश में अराजकता फैलाने का आरोप: यूकेडी

937

उक्रांद ने केंद्र सरकार और भाजपा पर बड़ा हमला बोला। दल के नेता काशी सिंह ऐरी ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लोकतंत्र की सभी संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर देश में अराजकता फैलाई जा रही है। कनार्टक का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां के नाटक से स्पष्ट हो गया कि भाजपा गुंडागर्दी से सामाजिक मूल्यों को तहस नहस करती जा रही है। इसके खिलाफ देश के प्रबुद्ध वर्ग को खड़ा होना होगा।

जनता की आवाज को दबाने का काम कर रही भाजपा

थराली उप चुनाव प्रचार के लिए जाते उक्रांद नेता काशी सिंह ऐरी ने कहा कि जनता की आवाज को दबाने के लिए भाजपा धनबल और गुंडागर्दी का सहारा लेती आ रही है। मेघालय, गोवा आदि राज्यों के बाद अब कर्नाटक में अराजकता का वातावरण बनाया जा रहा है। सबसे बड़ी पार्टी होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सहित पूरी केंद्र सरकार कर्नाटक की गलियों में घूमने के बावजूद यदि बहुमत नही पा सके तो यह मतदान भाजपा के पक्ष में कैसे हो गया?

उक्रांद नेता व डॉ. नारायण सिंह जंतवाल ने कहा कि इन चार सालों में न्यायालय, चुनाव आयोग, राज्यपाल का पद आदि महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दादागिरी दिखाने का ही परिणाम है कि सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जनता के सम्मुख अपनी परेशानियों को रखने के लिए सामने आ रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस को भी इसके लिए दोषी करार दिया।

कहा कि अपनी कमजोरी के चलते वह इन मुद्दों का विरोध तक नही कर पाई। उक्रांद नेताओं ने कहा कि समय आ गया है कि देश के सभी बुद्धिजीवी एक होकर विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र को बचाने के लिए एकजुट हों। उन्होंने थराली विधानसभा उप चुनाव में पार्टी उम्मीदवार की मजबूत स्थिति का दावा किया। कहा कि पूरा संगठन थराली में परिश्रम कर रहा है। मौके पर पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी, केंद्रीय सचिव नरेंद्र अधिकारी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply