खाई में गिरी टाटा सूमो, मां-बेटा और पोती की मौत

1211

धारचूला से हल्द्वानी को जा रही टाटा सूमो गहरी खाई में गिर गई। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई और आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का हल्द्वानी डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में उपचार चल रहा है।

धारचूला से हल्द्वानी के लिए चली सूमो (यूए 05 टीए 1956) बोहराकून के पास हरिनगर गांव में लगभग छह सौ मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में इंद्र सिंह (50) पुत्र कल्याण सिंह निवासी फूलतड़ी धारचूला, इंद्र की मां गंगा देवी (75) और बेटी ज्योति (19) की मौत हो गई। इसमें आठ लोग घायल हो गए हैं। इसमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है।

घायलों में तीन झारखंड के भी हैं। देर रात सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीमताल से एसटीएच हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। एसटीएच में सिटी मजिस्ट्रेट पंकज उपाध्याय, एसडीएम एपी बाजपेयी, एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव ने घायलों का हाल जाना। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि घायलों को तत्काल स्वास्थ्य सुविधा मिले। इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है।

स्टीयरिंग हो गया था लॉक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सूमो ने गिरने से पहले एक बाइक को टक्कर भी मारी। वाहन के पीछे से आ रहे अन्य यात्रियों ने पहले बाइक सवार को गहरी खाई से निकाला, जिसको मामूली चोट आई। चालक मदन ने बताया कि मार्ग में अचानक स्टीयरिंग लॉक हो जाने के कारण वाहन गहरी खाई में गिर गया। हादसे में मरी महिला धारचूला से बैठी थी।

Leave a Reply