![video](https://page3news.in/wp-content/uploads/2024/07/jal-sanrakshan_02-july-mp4-1.jpg)
शुक्रवार को ढालवाला में मीडिया से मुखातिब पूर्व पीसीसी चीफ किशोर उपाध्याय ने त्रिवेंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपाई सत्ता के नशे में चूर हैं। जनता की भावनाओं के साथ सरकार छलावा कर रही है। इसलिए नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस को इसका निश्चित लाभ मिलेगा। उन्होंने मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की फीस में बढ़ोतरी के फैसले को गलत ठहराया।
उन्होंने कहा कि इससे होनहार छात्रों के लिए एमबीबीएस कर पाना संभव नहीं हो सकेगा। सरकार को इस निर्णय पर दोबारा विचार करना चाहिए। उन्होंने राज्य में बन रही ऑलवेदर रोड को लेकर अपनी चिंताएं भी जाहिर कीं। उन्होंने कहा कि इससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचेगा। प्रेसवार्ता में कांग्रेस प्रदेश सचिव दिनेश व्यास, प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप भट्ट, कार्यवाहक नगराध्यक्ष शिवमोहन मिश्र और बाबूलाल मौजूद रहे।
विधान सभा का करेंगे घेराव
गौहरीमाफी में बाढ़ सुरक्षा कार्य के लिए देवभूमि जन संघर्ष मोर्चा के बैनरतले आंदोलनरत लोगों को कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने समर्थन दिया है। उन्होंने सरकार को चेताया कि अगर जल्द ही लोगों की मांगें पूरी नहीं हुईं तो विधानसभा घेराव के साथ ही मुख्यमंत्री आवास पर भी धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।शुक्रवार को गौहरीमाफी स्थित धरनास्थल पहुंचे कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्यक्ष ने सौंग नदी किनारे बाढ़ सुरक्षा कार्य की मांग को जायज ठहराया।
उन्होंने कहा कि सरकार को लोगों की मांग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बाढ़ सुरक्षा कार्य शुरू करवाने चाहिए। अगर शीघ्र ही लोगों की मांग पर कार्रवाई नहीं हुई तो जनता के साथ विधानसभा घेराव किया जाएगा। कांग्रेस मुख्यमंत्री आवास के समक्ष धरना-प्रदर्शन से भी नहीं चूकेगी।
![video](https://page3news.in/wp-content/uploads/2024/07/mahila-samagr-2-mnt-mp4-1.jpg)