PM Modi US Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने व्हाइट हाउस में एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जिस तरह से ट्रंप अमेरिका को फिर से महान बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं, उसी तरह भारत ने भी साल 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने का लक्ष्य तय किया है। पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देश अगर मिलकर आगे बढ़ते हैं पूरी दुनिया को नया आकार दे सकते हैं। पीएम मोदी ने नया नारा भी दिया और कहा कि MAGA और MIGA मिलकर समृद्धि की मेगा साझेदारी बना सकते हैं।
Uniform Civil Code : आवेदनों की फर्जी शिकायत की तो अब खैर नहीं, लगेगा जुर्माना
पीएम मोदी ने समझाया अपने नारे का मतलब
पीएम मोदी ने कहा कि ‘अमेरिका के लोग राष्ट्रपति ट्रंप के नारे ‘मेक अमेरिका ग्रेट अगेन’ से अच्छी तरह वाकिफ होंगे। भारत के लोग भी साल 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं। अमेरिका की भाषा में कहे तो ये मेक इंडिया ग्रेट अगेन- MIGA है। जब भारत और अमेरिका मिलकर काम करेंगे तो MAGA और MIGA मिलकर समृद्धि के लिए मेगा साझेदारी बनाएंगे। ये मेगा भावना ही हमारे उद्देश्यों को नया आयाम देगी। आज हमने साल 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाकर 500 अरब डॉलर करने का भी लक्ष्य तय किया है।’
‘व्यापार समझौते की दिशा में करेंगे काम’ (PM Modi US Visit)
दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते पर पीएम मोदी ने कहा कि ‘हमारी टीमें जल्दी ही एक व्यापार समझौते पर पर काम करेंगी, इससे दोनों देशों को पारस्परिक रूप से लाभ होगा। हम भारत की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तेल और गैस व्यापार को मजबूत करेंगे। ऊर्जा संबंधी बुनियादी ढांचे में निवेश बढ़ेगा। परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में, हमने छोटे मॉड्यूलर रिएक्टरों की दिशा में अपने सहयोग को गहरा करने की बात की। अमेरिका भारत की रक्षा तैयारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। रणनीतिक और भरोसेमंद साझेदारों के रूप में, हम संयुक्त विकास, संयुक्त उत्पादन और प्रौद्योगिकी के हस्तांतरण की दिशा में सक्रिय रूप से आगे बढ़ रहे हैं। नई तकनीक और उपकरण हमारी क्षमता बढ़ाएंगे।
क्या है भारत और अमेरिका के बीच व्यापार की स्थिति
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भारत और अमेरिका के बीच साल 2024 में 129 अरब डॉलर का द्विपक्षीय व्यापार हुआ। साल 2024 में भारत का सबसे बड़ा व्यापार साझेदार अमेरिका ही रहा। हालांकि अमेरिका के लिए भारत 10वां सबसे बड़ा व्यापार साझेदार देश रहा। अमेरिका सबसे ज्यादा व्यापार मेक्सिको, कनाडा और चीन के साथ करता है। मेक्सिको के साथ अमेरिका का सालाना कारोबार साल 2024 में करीब 839 अरब डॉलर रहा। वहीं कनाडा के साथ ये आंकड़ा 762 अरब डॉलर रहा। चीन के साथ अमेरिका ने साल 2024 में 582 अरब डॉलर का द्विपक्षीय व्यापार किया।
भारत और अमेरिका के बीच व्यापार घाटा भी बढ़ रहा है। अमेरिका ने साल 2024 में भारत से 45 अरब डॉलर का सामान आयात किया। वहीं भारत ने इस दौरान अमेरिका से करीब 24 अरब डॉलर का सामान आयात किया। इस तरह से दोनों देशों के बीच व्यापार घाटा काफी ज्यादा है और यही वजह है कि ट्रंप, भारत पर टैरिफ बढ़ाने की बात कर रहे हैं।
Uttarakhand High Court : हाईकोर्ट ने UCC पर सरकार से छह हफ्ते में मांगा जवाब