आज से होगा चारधाम यात्रा का आगाज, खोले जाएंगे गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट

3891

उत्तराखंड: उत्तराखंड में आज अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर चार धाम यात्रा का श्रीगणेश हो जाएगा। आज के दिन गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के लिए यहां सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। इस खास अवसर पर दोनों धामों को फूलो से सजाया गया है। वही गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष सुरेश सेमवाल एवं सचिव दीपक सेमवाल ने बताया कि भैरोंघाटी में पूरी रात भजन-कीर्तन किया जाता है।  इसके साथ शुभ मुहूर्त में पूर्वाह् 11.30 बजे गंगोत्री धाम के कपाट और 1.15 मिनट पर यमुनोत्री धाम के कपाट खोले जाएंगे।

बता दें कि मंगलवार सुबर गंगा जी की डोली यात्रा गंगोत्री धाम के लिए रवाना होगी। गंगोत्री धाम में पहुंचने के बाद वहां गंगा स्तोत्र, गंगा लहरी एवं गंगा सहस्त्रनाम पाठ कर गंगा का अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद शुभ मुहूर्त पर कपाट खोल दिए जाएंगे। मंदिर के कपाट खुलने के बाद श्रद्धालु मंदिर के भीतर जल रही अखंड ज्योति के दर्शन का पुण्य लाभ भी अर्जित कर सकेंगे।फिर पूरे विधि विधान के साथ गंगा जी की मूर्ती को मंदिर के अंदर विराजमान किया जाएगा।

वही दूसरी ओर यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने की तैयारियां भी जोरो पर हैं। आज मां यमुना की डोली को खरसाली गांव से यमुनोत्री धाम के लिए विदा किया जाएगा। इसके बाद शनि देवता की अगुवाई में सभी श्रद्धालु मां यमुना की डोली को लेकर यमुनोत्री धाम पहुंचेंगे। जहां पूजा अर्चना करने बाद शुभ मुहूर्त पर यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।