पीएम मोदी लोगों के मन की बात भी सुनें: प्रीतम सिंह

940

देहरादून नगर निगम सभागार में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह एनएसयूआइ के पहले प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने भाजपा शासित केंद्र और राज्य सरकारों पर जमकर निशाना साधा। प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चार साल से अपने मन की बात देशवासियों को सुना रहे हैं। लेकिन, अब जबकि लोकसभा चुनाव को साल भर बाकी है, ऐसे में वो लोगों के मन की बात भी सुनें, तो उनके लिए बेहतर होगा।

इसके अलावा उन्होंने प्रदेश की डबल इंजन सरकार को भी आड़े हाथों लेते हुए हर मोर्चे पर विफल बताया। कहा कि नोटबंदी और जीएसटी से परेशान प्रदेश के ट्रांसपोर्टर आत्महत्या को मजबूर हो रहे हैं और मुख्यमंत्री कहते हैं कि सूबे में आत्महत्या फैशन बन गया है। यह असंवेदनशीलता की हद है।

उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को अच्छे दिन का सपना दिखाने वाली मोदी सरकार बताए कि अच्छे दिन कब आएंगे। इस दौरान उन्होंने एसएसयूआइ कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि निकाय चुनाव में उनकी भूमिका अहम है। वो केंद्र और राज्य सरकार की नाकामी जनता के बीच लेकर जाएं, तभी जनता को महंगाई और बेरोजगारी से मुक्ति मिल पाएगी।

युवाओं की भूमिका अहमः नेता प्रतिपक्ष

एनएसयूआइ के पहले प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में युवाओं की भूमिका अहम होगी। कांग्रेस पार्टी के दो प्रमुख संगठन युवा कांग्रेस और एनएसयूआइ मजबूती से आगे आएं ताकि प्रदेश की सभी लोकसभा सीटों पर भारी मतों से कांगे्रस जीत दर्ज करे।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस में युवा नेता आगे आ रहे हैं। लेकिन, भाजपा की तरह यहां वरिष्ठ एवं बुजुर्ग नेताओं को दरकिनार नहीं किया जाता है। राहुल गांधी की सोच भाजपा नेताओं से अलग है। यहां युवा सोच और वरिष्ठता के अनुभव का मिश्रण पार्टी को मजबूती प्रदान कर रहा है।

Leave a Reply