कुंजवाल पार्टी से नाराज, गुरुवार को प्रेस के सामने कर सकते है इस्तीफे की घोषणा

1295

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा से कांग्रेस का जिलाध्यक्ष मोहन सिंह मेहरा को बनाए जाने और पार्टी में उनकी उपेक्षा किये जाने से नाराज पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व जागेश्वर विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल 16 अगस्त को पार्टी से इस्तीफा देने की घोषणा करेंगें।
सूत्रों के अनुसार पूर्व विधान सभा अध्यक्ष गुरुवार को शिखर होटल के बड़े हाॅल में प्रेस वार्ता करने जा रहे है जिसमें बड़ी संख्या में उनके समर्थक भी शामिल होंगें। हरीश रावत गुट के कहे जाने वाले कुंजवाल वर्तमान में कांग्रेस के अंदर उनकी उपेक्षा किये जाने से नाराज है। जिसके बाद उन्हें मनाने के लिए राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा और पूर्व विधायक मनोज तिवारी काफी कसरत कर चुके है। लेकिन इन दोनों की मिन्नतें भी कुंजवाल को मना नहीं पाई है। पूर्व विधान सभा अध्यक्ष से मिलने बिट्टू कर्नाटक भी पहुंचे थे। माना जा रहा है कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय भी अल्मोड़ा आकर उन्हें मनाने की कोशिश करेंगें। गुरुवार को पूर्व स्पीकर अपने समर्थकों के साथ प्रेस से मुखातिब होंगें और माना जा रहा है कि वह इस दौरान पार्टी से इस्तीफा देने की घोषणा करेंगें। सूत्रों की माने तो उनके साथ कई पार्टी के कार्यकर्ता भी पार्टी से इस्तीफा देने वाले है।

कांग्रेस के अंदर भूचाल 

अल्मोड़ा का प्रदेश की राजनीति में उत्तर प्रदेश के समय से ही वर्चस्व रहा है। प्रदेश कांग्रेस में चल रही गुटबाजी अब जनता को भी साफ साफ नजर आने लगी है। पार्टी के अंदर एक गुट दूसरे गुट के खिलाफ समय समय पर बयानबाजी करता रहा है। वर्तमान में कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष बनाये जाने को लेकर जो वार छिड़ा है उससे कांग्रेस के अंदर भूचाल आया हुआ है। यह भूचाल कांग्रेस पार्टी के लिए आने वाले चुनाव में घातक हो सकता है।

Leave a Reply