हाईवे पर जाम के कारण लोगों को हो रही भारी परेशानियां

1032

हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर जाम के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हाईवे पर वाहन रेंग-रेंगकर चले। सुबह 11 बजे बाद हरिद्वार से बहादराबाद तक कई स्थानों पर लंबा जाम लग गया। उधर, शनिचर्य अमावस्या पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य कमाया। नारायणी शिला में भी पित्रों की पूजा करने के लिए लोगों की भीड़ लगी हुई थी।

शनिचर्य अमावस्या स्नान के साथ ही शनिवार होने के कारण अन्य दिनों की तुलना में सुबह से हाईवे पर वाहनों का अधिक दवाब बना हुआ था। सुबह 11 बजे हरकी पैड़ी पुल, चंडी चैक, सिंहद्वार, शंकराचार्य चैक आदि स्थानों पर जाम लगना शुरू हो गया। देर शाम तक इन स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही।

आधा-अधूरा हाईवे के साथ ही अधूरे बने फ्लाईओवर के कारण वाहनों को अपनी गति धीमी रखनी पड़ती है। जिस कारण जाम लग जाता है। हाईवे पर हरकी पैड़ी के पास पुल नहीं बनने के कारण यहां पर जाम लगना आम बात है। स्नान पर्व पर यहां वाहन घंटों जाम में फंसे रहते है।

नारायणी शिला में भी पितृ पूजन को लेकर रही भारी भीड़

सुबह से हरकी पैड़ी और साथ लगते घाटों पर लोगों ने गंगा स्नान किया। पंडित मनोज त्रिपाठी ने शनिचर्य पर गंगा स्नान और भगवान शनि की पूजा का बहुत अधिक फल बताया। कहा कि इस दिन गऊ दान, ब्राह्मण भोज, शैय्यादान को उत्तम माना गया है।

पित्रों के निवृत्त को सारी अमावस्या ही श्रेष्ठ है, लेकिन जो शनि दोष से पीड़ित हो उसे शनिचर्य अमावस्या के दिन गंगा स्नान करके काले तिल, काली उड़द, लोहे के सिक्के, कस्तूरी, तेल आदि दान देना चाहिए। शनिचर्य अमावस्या के कारण नारायणी शिला में भी पितृ पूजन को लेकर भारी भीड़ रही।

Leave a Reply