एक किलो चरस के साथ दो तस्कर धरे

1148

पथरी पुलिस ने एक किलो चरस के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। दोनों तस्कर आस-पास की फैक्ट्रियों में काम करने वाले कर्मचारियों और स्कूल कॉलेज के छात्रों को चरस बेचते थे। बरामद चरस की कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।

एसएसपी कृष्ण कुमार वीके ने सभी थाना प्रभारियों को नशे के सौदागरों पर शिकंजा कसने के निर्देश दिए हैं। फेरुपुर चैकी प्रभारी ओमकांत भूषण के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने दो संदिग्धों को पकड़ लिया। उनकी तलाशी लेने पर करीब एक किलो चरस बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपितों ने अपने नाम महेंद्र और रवि निवासी ग्राम धारीवाला पथरी हरिद्वार बताए। पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे चरस लाकर आस-पास की फैक्ट्रियों में काम करने वाले कर्मचारियों को बेचते थे। स्कूल कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र छात्राओं को भी चरस बेची जाती थी।

रेस्टोरेंट में सिलेंडर फटने से लाखों का नुकसान

बुधवार को देर शाम रुड़की में मालवीय चैक स्थित एक रेस्टोरेंट में सिलेंडर फटने से आग लग गई। दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन आग से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। मालवीय चैक के पास रेलवे रोड पर फ्रेंड्स रेस्टोरेंट है। यह रेस्टोरेंट सूरज कुलाश्री का है। बुधवार की रात करीब 9 बजे अचानक ही रेस्टोरेंट में रखा सिलेंडर तेज आवाज के साथ फट गया। इसके साथ ही रेस्टोरेंट में आग लग गई। इस पर कर्मचारियों ने शोर मचाया।

इसी बीच दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से रेस्टोरेंट में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। दमकल विभाग के अधिकारी ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है।

Leave a Reply