किशोर की तालाब में डूबने से मौत

1876

सिडकुल थाना क्षेत्र की टिहरी विस्थापित ज्ञान लोक कॉलोनी में एक किशोर की निर्माणाधीन मकान के तालाब में डूबकर मौत हो गई। किशोर की मौत की खबर नवोदय नगर में फैलते ही भारी संख्या में ग्रामीण घटना स्थल एकत्र हो गए। किशोर अपने माता पिता का इकलौता बेटा था। किशोर की मौत से होली का त्योहार मातम में तब्दील हो गया। देर शाम कालोनीवासियों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। सिडकुल थाने के कार्यवाहक प्रभारी प्रमोद सिंह ने इसकी पुष्टि की है।

बीते शुक्रवार की दोपहर संयम बिष्ट 8 वर्ष पुत्र धरम सिंह बिष्ट बच्चों की टोली में घर के पास होली खेल रहा था। बताया जा रहा है कि पिचकारी में पानी खत्म होने पर संयम पानी भरने के लिए घर की ओर गया, लेकिन उधर डीजे पर गांववासी नाच रहे थे। इस पर संयम पास के निर्माणधीन मकान में बने तालाब में पिचकारी भरने चला गया। पानी भरते समय संयम फिसलकर तालाब में जा गिरा।

कॉलोनी में चार जगह डीजे लगा होने के कारण संयम के शोर मचाने की आवाज किसी को नहीं सुनाई दी। जिससे डूबने से उसकी मौत हो गई। जब काफी समय तक किशोर घर नहीं आया तो परिजन उसे तलाशने लगे, तभी किसी ने संयम का शव तालाब में होने की जानकारी दी। आनन-फानन में संयम को पानी से निकालकर सिडकुल के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बच्चे की मौत से कॉलोनी में मचा कोहराम

बच्चे की मौत से कॉलोनी में कोहराम मच गया। शुक्रवार रात कॉलोनी में चूल्हे तक नहीं जले। कार्यवाहक थाना प्रभारी प्रमोद सिंह ने बताया कि उनको देर रात मामले की जानकारी मिली थी, तब तक बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया गया था।

Leave a Reply