राज्य की आर्थिकी में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा पर्यटन

11049

मुख्य सचिव से की यूएनडीपी की कन्ट्री हेड सुश्री शोको नोदा एवं एडिशनल कन्ट्री हेड डॉ. राकेश कुमार ने शिष्टाचार भेंट

देहरादून: मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह से मंगलवार को सचिवालय में द यूनाइटेड नेशन डेवलपमेंट प्रोग्राम (यूएनडीपी) की कन्ट्री हेड सुश्री शोको नोदा एवं एडिशनल कन्ट्री हेड डॉ. राकेश कुमार ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर चिकित्सा, शिक्षा, कृषि, बागवानी, पर्यटन आदि विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुयी।

उत्तराखण्ड प्राकृतिक रूप से बहुत ही सम्पन्न राज्य

मुख्य सचिव ने बताया कि उत्तराखण्ड प्राकृतिक रूप से बहुत ही सम्पन्न राज्य है। यहां लोग बहुत ही मेहनती एवं विश्वसनीय होते हैं। पर्यटन राज्य की आर्थिकी में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में मेडिसनल प्लांट और हॉर्टीकल्चर के क्षेत्र में बहुत अधिक सम्भावनाएं हैं। इसके साथ ही यहां सब्जियों और नींबू प्रजाति के फलों की बहुत खेती होती है।

राज्य सरकार ने पलायन को रोकने के लिए बहुत से कार्य किए

मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य सरकार ने पलायन को रोकने के लिए बहुत से कार्य किए हैं। इसके लिए पलायन आयोग का गठन किया गया है। राज्य सरकार द्वारा होम स्टे योजना शुरू की गयी है। मुख्य सचिव ने सुश्री शोको नोदा से अनुरोध किया कि वे दूरस्थ क्षेत्रों का भ्रमण जरूर करें। उन्होंने कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी कार्य कर रही है। राज्य में महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। साथ ही स्किल डेवेलपमेंट के माध्यम से उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा रहा है।

राज्य में ग्रोथ सेन्टर्स विकसित किए जा रहे हैं। मुख्य सचिव ने सुश्री शोको नोदा से शिक्षा, स्वास्थ्य एवं कृषि जैसे विभिन्न क्षेत्रों में तकनीकि सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की ब्रांडिंग व आजीविकास सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में भी सहयोग की अपेक्षा की।

भारत यूनाइटेड नेशन ग्रुप का एक महत्वपूर्ण सदस्य

यूएनडीपी की कन्ट्री हेड सुश्री शोको नोदा ने उत्तराखण्ड के विकास में हर सम्भव सहयोग का आश्वासन देते हुए मुख्य सचिव से कहा कि भारत यूनाइटेड नेशन ग्रुप का एक महत्वपूर्ण सदस्य है और वे इससे काफी प्रभावित भी हैं। उन्होंने उत्तराखण्ड में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के विकास में तकनीकि व आर्थिक सहयोग देने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर सचिव श्री अमित नेगी, श्री नितेश झा, श्री आर. मीनाक्षी सुन्दरम एवं डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा भी उपस्थित थे।

Leave a Reply