भ्रष्टाचारियों को जेल पहुंचाने की जिम्मेदारी हमारीः मुख्यमंत्री

1040

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सिंचाई व लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत 87 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास किया। जनसभा में उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचारियों की जगह जेल में है। उन्हें वहां तक पहुंचाने की जिम्मेदारी हमारी है। हम भ्रष्टाचार मुक्त और आर्थिक अनुशासन युक्त प्रशासन देने का काम कर रहे हैं। डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के थानो न्याय पंचायत क्षेत्र में विकास का नया सूत्रपात होगा।

आज भारत रत्न व पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन पर हम विश्वास दिलाते हैं कि भ्रष्टाचारियों को उनकी सही जगह पर हम पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि एनएच घोटाले का उदाहरण हमारे सामने है। आज तक आरोपियों को जमानत नहीं मिली है।

उन्होंने कहा कि जितनी भी योजनाओं का शिलान्यास हम कर रहे हैं। सभी योजनाओं की प्रगति मुख्यमंत्री के टेबल पर नजर आएगी। स्थानांतरण अधिनियम लागू कर हमने प्रत्येक व्यक्ति के साथ न्याय करने का काम किया है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि अब ट्रांसफर में सीएम की भी सिफारिश नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि सूर्यधार परियोजना 50 करोड़ की लागत से तीन वर्ष में पूर्ण होगी।

सिस्टम की तमाम गड़बड़ियों को ठीक करने की जरूरत

सूर्यधार में झील परियोजना का भूमि पूजन करने के पश्चात शहीद नरपाल सिंह इंटर कॉलेज थानो के मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी एक व्यक्ति को सजा देने से काम नहीं चलेगा। सिस्टम की तमाम गड़बड़ियों को ठीक करने की जरूरत है।

25 करोड़ की सड़कें थानो न्याय पंचायत में बनने जा रही हैं। सिंचाई विभाग के अंतर्गत बारह करोड़ के कार्य शुरू होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सौंग नदी पर बांध बना रहे हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में भी झीलों का निर्माण कर बिजली खर्च को बचाएंगे और यह पैसा विकास में खर्च होगा।

 

Leave a Reply