युवती से नौकरी व शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म

1052

देहरादून में थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में युवती के साथ दुष्कर्म और धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़िता के अनुसार आरोपित ने नौकरी व शादी का झांसा देकर न केवल उसके ढाई लाख रुपये हड़प लिए। उसने दुष्कर्म भी किया और गर्भवती होने के बाद उसका गर्भपात करा दिया। पीड़िता की तहरीर के बाद पुलिस ने आरोपित के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी नेहरू कॉलोनी राजेश शाह ने बताया कि हरिद्वार निवासी एक युवती ने थाने में तहरीर दी है। पीड़िता के मुताबिक राहुल कुमार पुत्र विनोद कुमार निवासी कुवाखेड़ा, थाना लक्सर हरिद्वार से उसकी जान पहचान थी। आरोपित ने उसे किसी अच्छी जगह नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसकी एवज में उसने उससे ढाई लाख रुपये मांगे, जो उसने उसे दे दिए। लेकिन, आरोपित ने उसकी नौकरी नहीं लगाई।

इसके बाद उसने उसे शादी का झांसा दिया और उसके साथ कई दिनों तक दुष्कर्म करता रहा। जिससे वह गर्भवती हो गई। इसके बाद उसने जबरन उसका गर्भपात करा दिया और शादी का दबाव डालने पर आरोपित उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगा। यहीं नहीं अब आरोपित मुंह खोलने पर उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है।

पुलिस ने आरोपित के खिलाफ किया मुकदमा दर्ज

पीड़िता की तहरीर के बाद थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी, मारपीट आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राजेश शाह ने बताया कि पीड़िता और आरोपित दून में किराये का कमरा लेकर रहते हैं। आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply