भाजपा अपने घोषणापत्र में किए गए वादे पर प्रतिबद्धः अजय भट्ट

1188

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा है कि गैरसैण को ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाना पूर्णकालिक राजधानी बनाने की दिशा में पहला कदम है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने घोषणापत्र में किए गए वादे पर प्रतिबद्ध है। कांग्रेस समेत विभिन्न दल जो गैरसैंण के मुद्दे को उठा रहे हैं, उन्हें वहां एक बार जरूर जाकर जन समस्याओं को समझना चाहिए। सरकार सदन में दिए गए वादे के अनुसार ही गैरसैंण में बजट सत्र करा रही है।

शनिवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वह पहले ही गैरसैंण में सत्र कराने को लेकर जल्दबाजी नहीं होने के बारे में विचार रख चुके हैं। पिछली कांग्रेस सरकार के समय भी भाजपा ने पहले वहां अवस्थापना सुविधाओं का विकास कर ही सत्र कराने की बात कही थी।

इस बार मुख्यमंत्री सदन को आश्वासन दे चुके हैं। इसलिए वहां सत्र कराया जा रहा है ताकि कोई यह न कह सके कि सदन को गुमराह किया गया है। उन्होंने कहा कि बार-बार गैरसैंण जाने से वहां विकास होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने को कटिबद्ध है।

अभी तक नहीं हो पाया दायित्वों का वितरण

पार्टी कार्यकर्ताओं को दायित्व वितरण को लेकर भाजपा में सस्पेंस बरकरार है। सरकार गठन को एक वर्ष पूरा हो चुका है बावजूद इसके अभी तक दायित्वों का वितरण नहीं हो पाया है। इसके चलते कार्यकर्ताओं का इंतजार बढ़ता जा रहा है। अब चुनावों के निकट आते ही दायित्व मिलने की संभावना बलवती होती जा रही है।

माना जा रहा है कि चुनावों में किसी को टिकट किसी को पार्टी में पद और किसी को दायित्व देकर संगठन कार्यकर्ताओं को मैनेज करेगा। हालांकि, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नए वर्ष में दायित्व देने की बात हुई है और अभी केवल दो ही माह बीते हैं। उन्होंने कहा कि कभी भी दायित्व बांटे जा सकते हैं।

Leave a Reply