मंत्री-विधायकों को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिया वक्त

729

देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने चार दिवसीय उत्तराखंड प्रवास के दौरान अपने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद मंत्री-विधायकों को भी वक्त दिया। तीन कैबिनेट मंत्रियों के साथ ही आधा दर्जन से अधिक विधायकों ने नड्डा से अलग-अलग मुलाकात की। मंत्रियों के मुताबिक उन्होंने अपने विभागों से संबंधित उपलब्धियों की जानकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष को दी, जबकि विधायकों ने मुलाकात को शिष्टाचार बताया। उधर, सियासी गलियारों में इन मुलाकातों को लेकर तमाम कयास लगाए जाते रहे।

रविवार रात को कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, अरविंद पांडेय व सतपाल महाराज के अलावा विधायक बिशन सिंह चुफाल, उमेश शर्मा काऊ, राजेश शुक्ला, महेंद्र भट्ट, पुष्कर धामी, खजानदास ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा से बीजापुर गेस्ट हाउस में मुलाकात की। नैनीताल से सांसद अजय भट्ट ने भी नड्डा से भेंट की। विधायक गणेश जोशी सोमवार सुबह नड्डा से मिले, जबकि विधायक पूरण सिंह फर्त्याल ने शनिवार रात को मुलाकात की थी।कैबिनेट मंत्री उनियाल से तो राष्ट्रीय अध्यक्ष ने करीब 35 मिनट बात की।

योजनाओं के बारे में नड्डा को जानकारी दी

उनियाल के मुताबिक उन्होंने विभागीय योजनाओं के बारे में नड्डा को जानकारी दी। कैबिनेट मंत्री महाराज ने राष्ट्रीय अध्यक्ष से अपनी मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया। विधायक एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बिशन सिंह चुफाल के अनुसार उन्होंने मुख्य रूप से ये बात रखी कि कोरोनाकाल को देखते हुए जो भी योजनाएं बनें, उनमें प्रवासियों के रोजगार पर खास फोकस होना चाहिए। विधायक उमेश शर्मा काऊ समेत अन्य विधायकों का कहना था कि उनकी मुलाकात शिष्टाचार भेंट थी।

प्रेस ब्रीफिंग के दौरान इस संबंध में पूछे जाने पर कहा कि

उधर, मंत्री-विधायकों की भाजपा अध्यक्ष से बंद कमरे में हुई अलग-अलग मुलाकातों को लेकर सियासी गलियारों में भी कयासबाजी का दौर शुरू हो गया। हालांकि, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने सोमवार को प्रेस ब्रीफिंग के दौरान इस संबंध में पूछे जाने पर कहा कि सामान्य शिष्टाचार के तहत अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलना गलत है क्या। उन्होंने कहा कि पार्टी का कोई सांसद, विधायक असंतुष्ट नहीं है। सभी मिलकर और सबको साथ लेकर कार्य कर रहे हैं।

Leave a Reply