केरल: बाढ़ के पानी में तैर रहे शव, 11 जिलों में रेड अलर्ट

1083

तिरुअनंतपुरम= केरल में बाढ़ से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। मई से अब तक 324 लोगों की मौत होने के बाद शनिवार को 23 और शव मिले। इनमें से 15 शव बाढ़ के पानी में तैरते मिले। इस बीच, मौसम विभाग ने केरल के 14 में से 11 जिलों में भारी बारिश की आशंका के चलते रेड अलर्ट जारी किया। तिरुवंतपुरम, कोल्लम और कासरगोड को छोड़कर बाकी सभी जिलों में भारी बारिश हो सकती है।

इससे पहले शनिवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई दौरा किया। उन्होंने राज्य को 500 करोड़ रुपए की अतिरिक्त मदद देने का एेलान किया। पहले 100 करोड़ की मदद दी गई थी। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र के इस फैसले का स्वागत किया। उन्होंने ट्वीट कर कहा- ” केरल में लोगों की जिंदगी दांव पर लगी। बिना देरी के इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित किया जाए।”

मारे गए परिजनों को दो-दो लाख रुपए देने का ऐलान: आपदा में मारे गए लोगों के परिजन को केंद्र की तरफ से 2-2 लाख रुपए दिए जाएंगे। केरल 94 साल की सबसे भीषण बाढ़ का सामना कर रहा है। राज्य के 12 जिलों में 3.14 लाख लोग बेघर हो चुके हैं। इन्हें 1568 राहत शिविरों में रखा गया है। उधर, कर्नाटक के छह जिलों में बाढ़ के हालात हैं, छह लोगों की मौत हुई। तमिलनाडु और कर्नाटक में भारी बारिश का अलर्ट है।

नौसेना एयरबेस से फ्लाइट्स ऑपरेशन शुरू होगा: सिविल एविएशन मिनिस्टर सुरेश प्रभु ने ट्वीट कर बताया- “बेंगलुरु और कोच्चि नौसेना एयरबेस के बीच फ्लाइट ऑपरेशन 20 अगस्त की सुबह से शुरू होगा।” कोच्चि में पेरियार नदी में बाढ़ आने से यहां के एयरपोर्ट परिसर में पानी भर गया, जिससे फ्लाइट्स ऑपरेशन बंद है।

8000 करोड़ के नुकसान का अनुमान : केरल में बाढ़ के चलते 80 हजार लोग विस्थापित हुए हैं। इनमें अकेले एर्नाकुलम के अलुवा के 70 हजार लोग शामिल हैं। बाढ़ से केरल में आठ हजार करोड़ रुपए का नुकसान हुआ। सेना की 16, नाैसेना की 28 और एनडीआरएफ की 58 टीम राहत-बचाव कार्य में जुटी हैं। भारी बारिश के चलते पिछले दिनों राज्य में छोटे-बड़े 80 बांधों के गेट खोलने पड़े। उधर, आईसीआईसीआई बैंक और एसबीआई ने केरल में ग्राहकों से इस महीने ईएमआई और क्रेडिट कार्ड के बिल चुकाने में देरी पर पेनल्टी माफ करने का ऐलान किया है। सऊदी अरब के शेख खलीफा ने केरल में बाढ़ राहत के लिए एक कमेटी बनाई। संयुक्त अरब अमीरात ने भी मदद की पेशकश दी है।

केरल में पेयजल संकट गहराया : भीषण आपदा के बीच अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी आ गई। यातायात ठप होने से ज्यादातर पेट्रोल पंप सूखे पड़े हैं। कई इलाकों में पेयजल संकट गहरा गया है। दक्षिण रेलवे तमिलनाडु से पीने के पानी के कई वैगन भेज रहा है। महिला और बाल विकास विभाग ने खाने के पैकेट भेजे हैं। उधर, बाढ़ के कारण कोच्चि एयरपोर्ट बंद है। एअर इंडिया ने कोच्चि की अपनी विमान सेवाओं को तिरुवनंतपुरम से शुरू किया। शुक्रवार को राज्य से गुजरने वाली या चलने वाली 35 ट्रेनों को रद्द किया गया। केरल सरकार कोच्चि के नौसेना हवाई अड्डे से भी उड़ानें शुरू कराने की कोशिश में हैं।

Leave a Reply