ममता बनर्जी ने भाजपा को हराने के लिए कांग्रेस से सहयोग मांगा

924

तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा को हराने के लिए कांग्रेस से सहयोग मांगा है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस को जीत की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस मजबूत है। हम चाहते हैं कि उसकी जीत हो। उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव और मायावती का गठबंधन जीतें और बिहार में लालू प्रसाद यादव की पार्टी की जीत हो।

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी से करीब आधे घंटे की मुलाकात के बाद ममता ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनावों पर बात हुई है। हम सभी को एकजुट होकर भाजपा से मुकाबला करना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र को खत्म करने की लगातार कोशिश की जा रही है। भाजपा को देश की राजनीति से जाना चाहिए। केंद्र सरकार जनता के लिए कोई काम नहीं कर रही है। हम चाहते हैं कि इस मुहिम में कांग्रेस भी साथ दे।

देशहित में सराहनीय काम कर रही हैं ममता: शत्रुघ्न सिन्हा

इससे पहले तृणमूल प्रमुख ने भाजपा से नाराज चल रहे नेता यशवंत सिन्हा, अरुण शौरी और शत्रुघ्न सिन्हा से मुलाकात की। ममता से मुलाकात के बाद शत्रुघ्न सिन्हा ने उनकी खुलकर तारीफ की। सिन्हा ने कहा कि वह देशहित में सराहनीय काम कर रही हैं। यशवंत सिन्हा ने भी ममता बनर्जी के प्रयासों को देश की रक्षा के लिए संघर्ष बताते हुए कहा कि उनके लिए पार्टी से पहले देश है। इसके अलावा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी ममता से मुलाकात की।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पिछले दो दिनों से अलग-अलग पार्टियों के नेताओं से मुलाकात कर एकजुट करने की कोशिश कर रही हैं। मंगलवार को उन्होंने शिवसेना, टीडीपी, टीआरएस, बीजेडी, सपा, बसपा, राजद और एनसीपी के नेताओं से मुलाकात की थी। ताकि, भाजपा के खिलाफ सभी को एकजुट किया जा सके।

Leave a Reply