2019 का लोकसभा चुनाव ‘आप’-कांग्रेस मिलकर लड़ेंगेः विजेंद्र गुप्ता

1017

कुमारस्वामी का शपथ ग्रहण समारोह बुधवार दोपहर में आयोजित किया जाएगा। कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, सोनिया गांधी, बसपा सुप्रीमो मायावती, सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी शामिल होंगे। इसको लेकर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने सीएम को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल का शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होना दर्शाता है कि आम आदमी पार्टी के मुखिया ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है।

विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि अलग राजनीति का दम भरने वाली ‘आप’ ने कांग्रेस के गठबंधन वाली सरकार को सद्भावना संदेश देकर सिद्ध कर दिया है कि वह राजनीतिक उद्देश्यों की पूर्ति के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। दिल्ली की राजनीति में ‘आप’ और कांग्रेस की नूराकुश्ती अब बेनकाब हो चुकी है।

मूल्यविहीन राजनीतिक भीड़ का हिस्सा है ‘आप’

स्पष्ट है कि 2019 के लोकसभा चुनाव और 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में ‘आप’ और कांग्रेस मिलकर लड़ेंगे। उनका उद्देश्य किसी भी कीमत पर भाजपा को सत्ता से दूर रखना है चाहे इसके लिए उन्हें कुछ भी करना पड़े। कांग्रेस से हाथ मिलाकर आप ने यह सिद्ध कर दिया है कि वह भी मूल्यविहीन राजनीतिक भीड़ का हिस्सा है।

जानकारी के मुताबिक, शपथ ग्रहण के दौरान विपक्षी एकता का नमूना जरूर दिखेगा। इस बाबत शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मौजूद रहने वालों की सूची भी तैयार हो गई है। बताया जा रहा है कि जेडीएस नेता कुमारस्वामी ने शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, सांसद सोनिया गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, बसपा अध्यक्ष मायावती, सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के अलावा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी आमंत्रित किया है।

Leave a Reply