पेट्रोल के बढ़ते दाम के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार जिम्मेदारः धर्मेद्र प्रधान

1057

बुधवार को झांसी में पेट्रोलियम मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने कहा कि ऐसा नहीं है कि पेट्रोल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, इससे पहले कीमत में गिरावट भी आई है। हालांकि, पेट्रोल के बढ़ते दाम के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार जिम्मेदार है। प्रधान झांसी में राज मिस्त्रियों के सम्मान कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि कीमतों में प्रतिदिन उछाल और गिरावट आती है। उसी को ध्यान में रखते हुए हम प्रतिदिन पेट्रोल के दाम निर्धारित करते हैं। वैसे भी पेट्रोल की कीमत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तय होती है।

कच्चा तेल महंगा होगा तो पेट्रोल भी महंगा होगा। पेट्रोल के बढ़े हुए दाम के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार ही जिम्मेदार है।पेट्रोल को जीएसटी के दायरे में लाने के सवाल के जवाब में पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि सभी की सहमति बनने के बाद पेट्रोल भी जीएसटी के दायरे में आ जाएगा, लेकिन पेट्रोल जीएसटी के दायरे में कब तक आ जाएगा, यह मंत्री स्पष्ट रूप से नहीं बता सके।

नोटों की नहीं है कोई कमी

देश में नकदी की किल्लत पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि नोटों की कोई कमी नहीं है। सरकार कड़ाई से काम कर रही है, जो लोग 2000 के नोट दबाए हुए हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री उमा भारती भी शामिल हुई।

Leave a Reply