ठाणे में रेलवे ट्रैक पर भरा पानी:भारी बारिश का अलर्ट

2777
page3news-heavy rain
page3news-heavy rain

नई दिल्ली: देशभर में बारिश ने आफत मचा रखी है। भारतीय मौसम विभाग(IMD) ने भारी बारिश के पूर्वानुमान के मद्देनजर सतर्क रहने का निर्देश दिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान पर जाएं तो इस वक्त देश के 15 राज्य बारिश से हाइ अलर्ट पर हैं। अगले 24 घंटों के दौरान मुंबई, ओडिशा, मध्य प्रदेश, गुजरात, गोवा समेत देश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तरी मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, मराठवाड़ा, छत्तीसगढ़, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भी बारिश की संभावना जताई गई है।

महाराष्ट्र के ठाणे में रेलवे स्टेशन पर रेल की पटरियों पर पानी भर गया है। जलभराव की वजह से रेल यातायात प्रभावित हो रहा है।

हाई अलर्ट पर गुजरात

गुजरात के कई इलाकों में पिछले कई दिनों से बारिश के कारण अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में गुजरात के लोगों को बारिश की मार झेलनी पड़ सकती है। गुजरात को अगले 5 दिनों तक हाई अलर्ट पर रखा गया है। दक्षिण गुजरात और उत्तर गुजरात में जोरदार बारिश हो रही है। वहीं वड़ोदरा में भी बारिश की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

वड़ोदरा में बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। भारी बारिश की वजह से यहां आम जनजीवन प्रभावित हो गया है। भारी बारिश की वजह से रेल और हवाई यातायात बाधित हो गया है।अहमदाबाद में जलभराव की वजह से जाम की समस्या भी सामने आ रही है।

मुंबई में बारिश से हाहाकार

दूसरी ओर मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में पिछले 24 घंटों से भारी से बहुत भारी बारिश हुई है। मुंबई और आसपास के इलाकों में बारिश फिलहाल जारी है।भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे सहित कई इलाकों में अगले 4-6 घंटे तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई है।

मुंबई में तेज बारिश की संभावना

3 और 4 अगस्त को मुंबई में बारिश अपने चरम पर रहेगी। जिससे कई भागों में जल जमाव के साथ यातायात बाधित होने की भी संभावना है। एक बार फिर तीन अंकों की बारिश, मुंबई शहर में होने की उम्मीद है। संभवतः बारिश से मुंबई में एक बार फिर से अच्छी बारिश का दौर देखने को मिलेगा।शनिवार और रविवार यानी सप्ताह के अंत में फिर मुंबई में बारिश से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

देश के अन्य इलाकों में ऐसे रहेंगे हालात

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तरी मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, मराठवाड़ा, छत्तीसगढ़, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा के हिस्सों में मॉनसून के सामान्य स्थिति में बने रहने के आसार हैं। वहीं अगले 24 घंटों में उत्तरी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, झारखंड, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, दक्षिण बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, पूर्वोत्तर भारत, तेलंगाना और सौराष्ट्र और कच्छ के हिस्सों में मॉनसून के कमजोर बने रहने की उम्मीद है।

Leave a Reply