Farmers Protest in Haryana: करनाल में किसानों और सुरक्षा बलों के बीच तनातनी

442

पानीपत। Farmers protest in Haryana: हरियाणा में धान की खरीद में देरी से किसानों में आक्रोश है। किसानों ने शनिवार सुबह ही भाजपा-जजपा के विधायक और सांसदों के आवास का घेराव शुरू कर दिया। हरियाणा के पानीपत, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर, जींद सहित कई जिलों में धान से भरीं ट्रैक्‍टर ट्रालियां लेकर किसान घेराव कर रहे हैं। यमुनानगर में पूर्व राज्‍यमंत्री कर्णदेव कांबोज को रास्‍ते में रोक विरोध किया गया।

Jal Jeevan Mission App: को पीएम मोदी ने लांच किया

सीएम आवास के बाहर बैठे आंदोलनकारी सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। वहीं, किसान ट्राली में धान भी लेकर आए हैं। पुलिस प्रशासन लगातार किसानों को समझाने की कोशिश में लगा है। करनाल में सीएम आवास के बाहर आंदोलनकारियों के साथ आढ़ती भी समर्थन देने के लिए पहुंचे। सीएम आवास के बाहर तनाव पूर्ण माहौल बना हुआ है। पांच डीएसपी सहित पैरामिलिट्री फोर्स के जवान भी तैनात हैं। किसान तिरंगे के साथ-साथ हाथों में काले झंडे लेकर भी पहुंचे हैं। करनाल के रामनगर क्षेत्र मैं सीएम मनोहर लाल के आवास पर पहुंचे बड़ी संख्या में किसानों को पुलिस बल ने रोका। किसान बेरिकेड्स तोड़कर दरी बिछा धरने पर बैठ गए।

Farmers Protest in Haryana: कुरुक्षेत्र में खेल मंत्री का आवास घेरा

शाहाबाद में भाकियू के प्रदेश प्रवक्ता राकेश बैंस के नेतृत्व में किसानों ने खेल मंत्री संदीप सिंह, भाजपा के पूर्व मंत्री एवं मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार कृष्ण बेदी और जजपा के विधायक रामकरण काला के आवास का घेराव किया। थानेसर में मनोज के नेतृत्व में किसानों ने विधायक सुभाष सुधा और सांसद नायब सिंह सैनी के आवास का घेराव किया। किसानों ने धान की खरीद में देरी करने पर रोष जताया।

करनाल में सीएम आवास पर कूच

करनाल में मंडी से एकत्र होने के बाद आंदोलनकारी प्रेमनगर स्थित मुख्यमंत्री के कैंप कार्यालय एवं आवास की तरफ कूच करेंगे। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से पुख्ता तैयारियों का दावा किया गया है। वहीं खुफिया तंत्र भी अलर्ट मोड पर है। जिले की अन्य मंडियों में भी हालात संवेदनशील हैं।

यमुनानगर में तनाव की स्थिति

यमुनानगर में शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर के आवास पर धान की ट्रालियां लेकर किसान पहुंच रहे हैं। पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर किसानों को रोका। इस दौरान धक्का-मुक्की भी हुई। तनाव की स्थिति बनी हुई है। वहीं, पूर्व राज्‍यमंत्री कर्णदेव कांबोज को किसानों ने रास्‍ते में रोक लिया। उनके सामने ही नारेबाजी शुरू की दी। इस दौरान किसानों से बहस भी हुई।

जींद में जजपा विधायक रामनिवास सुरजाखेड़ा के आवास का घेराव

जींद के नरवाना में धान की खरीद शुरू न होने पर किसान मोर्चा के आह्वान पर जजपा विधायक रामनिवास सुरजाखेड़ा के कार्यालय का घेराव किया। वहीं, कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। आइटीबीपी की एक बटालियन भी मौके पर मौजूद है।

अंबाला में विधायक असीम गोयल की कोठी के घेराव की तैयारी

किसानों की विधायक असीम गोयल की कोठी का घेराव करने की तैयारी है। जिसके लिए किसान अनाज मंडी से रवाना हो चुके हैं। फिलहाल पुलिस ने घेराव से बचाव के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। ताकि किसानों को रोका जा सके। इसके लिए अंबाला शहर के पालिक्टेनिक चौक से लेकर इंको चौक तक रास्ता बंद कर दिया गया है। इन दोनों जगहों पर बेरिकेट्स लगा दिए गए हैं।

Farmers Protest in Haryana: इस वजह से किसान नाराज

धान की खरीद हर साल 1 अक्टूबर से शुरू हो जाती है। परंतु इस बार धान की सरकारी खरीद की तारीख बढ़ा दी गई है। किसानों की धान की फसल पूरी तरह पक कर तैयार हो चुकी है। इसके बाद किसान धान की फसल की कटाई के बाद अनाज मंडी में भी ले आए हैं। सरकारी खरीद शुरू न होने के कारण किसानों को अनाज मंडी में पिछले कई दिनों से रातें गुजारनी पड़ रही हैं। किसानों की माने तो धान की कटाई 15 सितंबर से शुरू हो गई थी। पहले ही धान की सरकारी खरीद देरी से शुरू होती है और इस बार इसे ओर आगे बढ़ा दिया गया है। इसी के चलते किसानों ने पहले से ही चेतावनी दे दी थी कि यदि खरीद 2 अक्टूबर से शुरू नहीं की गई तो विधायकों के आवास का घेराव किया जाएगा।

Punjab Political Crisis: हरीश रावत का कैप्टन अमरिंदर पर हमला

 

Leave a Reply