Delhi Election 2020 LIVE: सीएम योगी भी उतरे प्रचार में, करेंगे कुल 12 रैलियां

965

नई दिल्ली। Delhi Election 2020 LIVE : दिल्ली विधानसभा चुनाव-2020 में BJP उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार के लिए यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी मोर्चा संभाल लिया है। मिली जानकारी के मुताबिक, आगामी एक फरवरी से चार फरवरी तक यूपी सीएम दिल्ली में भाजपा के पक्ष में प्रचार के तहत कुल 12 रैलियां करेंगे। इनमें कुछ रैलिया शाहीन बाग और जामिया इलाके में भी रखी गई हैं।

Delhi Election 2020 LIVE :

पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा द्वारा मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आतंकवादी कहने पर बृहस्पतिवार को सीएम खुद सामने आए और बेहद भावुक बयान दिया। उन्होंने कहा कि वह चाहते तो आइआइटी के बाद विदेश चले जाते, लेकिन उन्हें देश में रहकर देश को ठीक करना था। उन्होंने कहा कि देश के लिए जान दांव पर लगाने वाले को भाजपा ने आतंकी कहा है।

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 के लिए आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के साथ अन्य छोटे दलों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। मिली जानकारी के मुताबिक, JDU मुखिया और बिहार के सीएम नीतीश कुमार दिल्ली की बुराड़ी विधानसभा में होने वाली रैली में गृह मंत्री अमित शाह के साथ मंच साझा करेंगे। यह पहला मौका होगा, जब दोनों मंच पर एक साथ नजर आएंगे, वह भी किसी रैली में।

वहीं, तिमारपुर विधानसभा के मलका गंज क्षेत्र में दिलीप पांडेय के समर्थन में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रोड शो कर रहे हैं। दिलीप पांडेय 2019 के लोकसभा चुनाव में उत्तर पूर्वी दिल्ली से चुनाव हार गए थे।

कांग्रेस के खिलाफ प्रिंट मीडिया में भारतीय जनता पार्टी के विज्ञापन देने का मामला चुनाव आयोग के पास पहुंच गया है। आयोग ने भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह को शुक्रवार 12 बजे तक का समय दिया है। कांग्रेस की शिकायत पर यह नोटिस चुनाव आयोग ने जारी किया है। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा ने प्रिंट मीडिया में विज्ञापन जारी कर उसके खिलाफ झूठे, निराधार और अपुष्ट आरोप लगाए हैं।

प्रचार के दौरान विवादित और आपत्तिजनक बयानों का सिलसिला जारी है। ताजा मामले में दिल्ली की मॉडल टाउन सीट से भाजपा प्रत्याशी कपिल मिश्रा ने ट्वीट किया है- ‘अब जब AAP ने शाहीन बाग बना ही लिया है तो शाहीन बाग के साथ साथ मुख्यमंत्री निवास भी खाली करवाएंगे हम दिल्ली वाले।’

दिल्ली पुलिस की ओर से ताजा बयान आया है कि नागरिकता संशोधन कानून और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर के विरोध में जामिया से राजघाट तक मार्च की इजाजत नहीं दी गई है।

शाहीन बाग में चल रहे प्रदर्शन के दौरान आपत्तिजनक भाषणों पर प्रतिक्रिया में दिल्ली भारतीय जनता पार्टी के सह-प्रभारी तरुण चुघ ने कहा है कि वह दिल्ली को सीरिया नहीं बनने देंगे।

आपत्तिजनक बयानों को लेकर केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर और पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा को बृहस्पतिवार को चुनाव आयोग के नोटिस का जवाब देना है।

वहीं, शाहीन बाग में नागरिकता संशोधन कानून और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर के विरोध में 15 दिसंबर से चल रहा प्रदर्शन बृहस्पतिवार को 47वें दिन में प्रवेश कर गया।

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 के तहत 6 फरवरी की शाम पांच बजे चुनाव प्रचार समाप्त होगा और 8 फरवरी को मतदान होगा, जबकि 11 को मतों की गिनती होगी।

दिल्ली चुनाव में भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस प्रमुख पार्टिया हैं।

दिल्ली विधानसभा चुनाव के इतिहास में कांग्रेस ने पहली बार किसी पार्टी के साथ गठबंधन किया है। बता दें कि कांग्रेस ने बिहार में अपनी सहयोगी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल को गठबंधन के तहत दिल्ली में चार सीटें दी हैं।

Leave a Reply