शहीदों के सपनों का राज्य बनाएंगे: मुख्यमंत्री

3102

मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शहीद स्थल रामपुर तिराहा मुजफ्फरनगर में उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों की पुण्य स्मृति में पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कहा कि रामपुर तिराहा कांड राज्य आंदोलन को एक ऐसे मोड़ पर ले आया था जिसने तत्कालीन सरकारों को हिलाकर रख दिया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि उस वक्त उत्तराखंडवासियों का संकल्प था कि चाहे जो कुछ भी हो राज्य का निर्माण करके रहेंगे। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन में हमारे नौजवानों ने अपने जीवन की आहुति दी थी, इस आंदोलन को अंजाम तक पहुंचाने के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर किया था। आज हम उनको यहां पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार, आंदोलनकारियों की आकांक्षाओं के अनुरूप प्रदेश का विकास करने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य के विकास के लिए योजनाएं बनाई जा रही हैं। राज्य लगातार विकास की ओर बढ़ रहा है। राज्य आंदोलनकारी चंद्रशेखर जोशी, डबल सिंह नेगी, पुरूषोत्तम शर्मा, सुरेशानंद बसियाल, सुभागा खंडूरी, बृजमोहन सेमवाल, सावित्री देवी, जय वीर सिंह रावत, प्रमोद बडोनी, केवलानंद जोशी, भगवती देवी सहित राज्य आंदोलनकारियों की सहायता करने वाले क्षेत्रवासियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने पूर्व सांसद मालती शर्मा के आवास पर जाकर भेंट की। उन्होंने श्रीमती शर्मा को राज्य आंदोलनकारियों की सहायता करने के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश से सांसद कुंवर भारतेंदु, उच्च शिक्षा राज्य मंत्री धन सिंह रावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष उत्तराखंड अजय भट्ट, विधायक प्रदीप बत्रा, उत्तर प्रदेश के विधायक कपिल देव एवं प्रमोद उटवाल उपस्थित थे।

Leave a Reply