रेल मार्ग निर्माण की अडचनें शीघ्र दूर करने के मुख्यमंत्री के निर्देश

1113

देहरादून। चारधाम तथा ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल प्रोजेक्ट की प्रगति की रिपोर्ट देने मुख्यमंत्री से मिलने उनके आवास पहुंचे रेल विकास निगम लिमिटेड के अध्यक्ष व मुख्य प्रबन्ध निदेशक सतीश चन्द्र अग्निहोत्री तथा मुख्य परियोजना प्रबन्धक हिमांशु बडोनी को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने रेल मार्ग निर्माण की हर अडचन को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना से सम्बन्धित भूमि अधिग्रहण तथा फॉरेस्ट क्लियरेन्स की प्रक्रिया को समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि पूरी परियोजना पर एक साथ कार्य शुरू किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम तथा ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल प्रोजेक्ट राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि चारधाम प्रोजेक्ट के फाइनल लोकेशन सर्वे को शीघ्र पूरा किया जाए। परियोजना निर्माण की प्रक्रिया को तीव्र किया जाए।
आर.वी.एन.एल. के पदाधिकारियों द्वारा बताया गया कि परियोजना से संबन्धित टेन्डर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अगले वर्ष जून-जुलाई से परियोजना की सुरंगों का निमार्ण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। परियोजना के ग्राउंड वर्क तथा लोकेशन सर्वे में सेटेलाइट इमेजरी तथा डिजिटल रेजोल्यूशन टेक्नॉलोजी का प्रयोग किया जाएगा। उत्तराखंड के पर्यावरणीय व पारिस्थितिकी संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए भूगर्भीय निरीक्षण के दौरान अत्याधुनिक तकनीकी का प्रयोग किया जाएगा। आर.वी.एन.एल. द्वारा परियोजना को समयबद्धता के साथ पूरा करने का आश्वासन दिया गया।

Leave a Reply